उत्तराखंड

देहरादून में दिनदहाड़े फायरिंग, युवक को लगी गोली; एक आरोपी गिरफ्तार

पटेलनगर में मारपीट के बाद दो गुटों ने लहराए हथियार, शिमला बाईपास पर भी चली गोलियां; मुख्य आरोपी समेत अन्य फरार

देहरादून, 20 अगस्त। राजधानी देहरादून में गुरुवार को दिनदहाड़े दो गुटों के बीच मारपीट और फायरिंग से सनसनी फैल गई। पटेलनगर में विवाद के बाद दोनों गुटों ने सरेआम फायरिंग की। कुछ देर बाद शिमला बाईपास क्षेत्र में भी दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए, जहां दोबारा गोली चली। इस दौरान साहिल नाम का युवक गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी समेत अन्य फरार हैं।

पहली घटना पटेलनगर में बीएसएनएल कार्यालय के सामने आईटीएस कॉलेज वाली गली में हुई। यहां युवकों के दो गुटों के बीच पहले मारपीट हुई और इसके बाद हथियार लहराते हुए फायरिंग कर दी गई। गोली चलने से मौके पर अफरातफरी मच गई। भीड़ जुटने पर आरोपी वहां से फरार हो गए।

इसके कुछ देर बाद दोनों गुट शिमला बाईपास स्थित सेंट ज्यूडस चौक के पास फिर आमने-सामने आ गए। यहां गुरमीत ने दोबारा फायरिंग की, जिसमें साहिल को गोली लग गई। घायल को महंत इंदिरेश अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस के अनुसार, घायल के साथी अंशुल निवासी शिकारपुर, मंगलौर ने पटेलनगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है। उसने बताया कि उसका और उसके साथी आदित्य व सुजल का गुरमीत से विवाद चल रहा था। आरोप है कि गुरमीत ने अमन, रोहित और एक अन्य साथी के साथ मिलकर फायरिंग की।

घटना के बाद पुलिस ने जिलेभर में आरोपियों की तलाश शुरू की। शिमला बाईपास स्थित नयागांव बैरियर पर पुलिस ने स्विफ्ट कार सवार आरोपी रोहित को गिरफ्तार कर लिया। उसकी पहचान रोहित पुत्र प्रदीप सिंह निवासी दलेड़ी, बड़गांव, सहारनपुर के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक रोहित सुभारती कॉलेज में होटल मैनेजमेंट का छात्र है। घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।

पुलिस पूछताछ में रोहित ने बताया कि आईटीएस कॉलेज वाली रोड पर पहली फायरिंग के बाद वे कार से भागे थे। इसके बाद दूसरे पक्ष के युवकों ने मोटरसाइकिल से उनका पीछा किया। शिमला बाईपास पर फिर फायरिंग हुई, जिसमें साहिल घायल हो गया। पुलिस अब मुख्य आरोपी गुरमीत समेत फरार अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।

Related Articles

Back to top button