युवा संकल्प दिवस में धामी का आह्वान, नौकरी तलाशने के बजाय रोजगार देने का लक्ष्य रखें युवा

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेश के युवा केवल नौकरी तलाशने वाले नहीं, बल्कि नौकरी देने वाले बनने का लक्ष्य रखें। कौशल विकास, स्वरोजगार, उद्यमिता और नवाचार के माध्यम से युवा अपनी क्षमता का उपयोग करें और उत्तराखंड के विकास में योगदान दें। मुख्यमंत्री ने यह बात बुधवार को अपने जन्मदिन के अवसर पर देहरादून में आयोजित युवा संकल्प दिवस कार्यक्रम में कही।
भाजपा की ओर से मुख्यमंत्री के जन्मदिन को युवा संकल्प दिवस के रूप में मनाने की परंपरा रही है। इस बार कार्यक्रम को ‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ अभियान से जोड़कर व्यापक स्वरूप दिया गया। अभियान के तहत प्रदेशभर के विद्यार्थियों से निबंध और सुझाव आमंत्रित किए गए थे। इसमें कुल 2 लाख 67 हजार 744 छात्र-छात्राओं ने भागीदारी की।
70 विधानसभा क्षेत्रों के विद्यार्थियों को सम्मान
कार्यक्रम में प्रदेश की सभी 70 विधानसभा सीटों से चुने गए विद्यार्थियों को आमंत्रित किया गया। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से हिंदी और अंग्रेजी माध्यम के एक-एक छात्र का चयन किया गया। चयनित विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा, “आप सब यंग जनरेशन को देखकर अच्छा लगा। आपके लिए ही युवा आयोग बनाया गया है।”
शिक्षा, रोजगार और पलायन पर रखे विचार
‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ अभियान के तहत विद्यार्थियों ने शिक्षा, रोजगार, पलायन, पर्यटन, स्वास्थ्य, पर्यावरण, कौशल विकास, तकनीक और स्वरोजगार जैसे विषयों पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम में युवाओं के सुझावों और प्रदेश के भविष्य को लेकर उनकी सोच को सामने लाने का प्रयास किया गया।
इससे पहले मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन कार्यक्रम में भी धामी ने कहा था कि विद्यार्थियों के सुझावों को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। विकसित उत्तराखंड के निर्माण में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। मुख्यमंत्री ने युवाओं से नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा सकारात्मक दिशा में लगाने का आह्वान किया।



