उत्तराखंड

प्रकाश पर्व पर गुरुद्वारा साहिब पहुंचे सीएम धामी, गुरु नानक देव को किया नमन।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को कार्तिक पूर्णिमा और सिखों के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व पर खटीमा के पीलीभीत रोड स्थित गुरुद्वारा साहिब में मत्था टेका। उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना करते हुए प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु नानक देव ने अपने विचारों और जीवन के माध्यम से समाज को सत्य, समानता, सेवा और परोपकार का मार्ग दिखाया। उनकी शिक्षाएं आज भी मानवता के लिए प्रासंगिक हैं। ये समाज में प्रेम, भाईचारे और सद्भाव को मजबूत करने के साथ जरूरतमंदों की निस्वार्थ सेवा के लिए प्रेरित करती हैं।

धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में केंद्र और राज्य सरकार सिख समाज की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने के लिए प्रयासरत हैं। ऐतिहासिक तीर्थस्थलों के विकास के साथ श्रद्धालुओं की सुविधाएं बढ़ाने पर भी ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हेमकुंड साहिब रोपवे परियोजना और रीठा साहिब के पास धर्मशाला निर्माण जैसी पहल से तीर्थयात्रियों को सहूलियत मिलेगी और धार्मिक पर्यटन को प्रोत्साहन मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड विभिन्न धर्मों, संस्कृतियों और परंपराओं के समन्वय का प्रतीक है। प्रदेश की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने के साथ धार्मिक स्थलों पर सुविधाओं का विस्तार करना सरकार की प्राथमिकता है।

इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, ब्लॉक प्रमुख सरिता राणा, राज्य मंत्री गंभीर सिंह धामी और किशन सिंह किन्ना, मेला समिति अध्यक्ष शेर सिंह दानू, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और श्रद्धालु मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button