उत्तराखंड

दून पुलिस ने चलाया सड़क सुरक्षा अभियान, दोपहिया वाहन पर पीछे बैठने वाले को भी पहनना होगा हेलमेट।

सड़क हादसों में कमी लाने और यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए दून पुलिस ने शहरभर में विशेष अभियान चलाया। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने प्रमुख चौराहों पर वाहन चालकों और राहगीरों को यातायात नियमों की जानकारी देते हुए सुरक्षित सफर का संदेश दिया।

अभियान के तहत घंटाघर, दिलाराम चौक, सर्वे चौक, लैंसडाउन चौक, रिस्पना, आईएसबीटी, बल्लूपुर और प्रेमनगर समेत कई स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। एग्जीबिशन वैन के जरिये लोगों को सड़क सुरक्षा से जुड़े वीडियो दिखाए गए। साथ ही पंपलेट बांटकर यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया।

पुलिस ने दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट के इस्तेमाल की अनिवार्यता समझाई। उन्हें बताया गया कि बाइक या स्कूटर पर चालक के साथ पीछे बैठने वाले व्यक्ति के लिए भी हेलमेट पहनना जरूरी है। पुलिस ने कहा कि हेलमेट दुर्घटना के दौरान सिर में गंभीर चोट लगने की आशंका को कम करता है।

एसएसपी के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान में पुलिस ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और वाहन चलाते समय लापरवाही न बरतने की अपील की। साथ ही कहा कि सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी दिखाकर ही दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है।

Related Articles

Back to top button